Brief By Newsbrief / 6:28 PM on 26 Jun 2026
मोतिहारी : भारत-नेपाल सीमा के रक्सौल स्थित कस्टम चौक के पास भारत-नेपाल मैत्री पुल पर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्बेकिस्तान की दो महिला नागरिकों को हिरासत में लिया है. दोनों महिलाएं भारत से नेपाल जा रही थीं. पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान उनके भारत में अवैध रूप से रहने की आशंका सामने आने पर एसएसबी ने उन्हें हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय मखफूजा देखकोनोवा और 35 वर्षीय मफतुना किलिचेवा के रूप में हुई है. दोनों उज्बेकिस्तान की निवासी हैं. सीमा पर नियमित जांच के दौरान एसएसबी के जवानों ने संदेह के आधार पर उन्हें रोका और उनके यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच की.
प्रारंभिक जांच में उनके भारत में अवैध रूप से रहने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल दोनों महिलाओं के पास मौजूद यात्रा दस्तावेज, वीजा, भारत में प्रवेश की तारीख, ठहरने की अवधि और नेपाल जाने के उद्देश्य की गहन जांच की जा रही है.
सीमा सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों महिलाएं भारत कब और किस उद्देश्य से आई थीं तथा नेपाल जाने के पीछे उनका वास्तविक मकसद क्या था. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है.