Back

प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की हत्या का आरोप, दोस्त ने ताजिया देखने के बहाने बुलाया था

Brief By Newsbrief / 2:10 PM on 26 Jun 2026


दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित ओझौल गांव में प्रेम विवाह की रंजिश में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बिहार पुलिस में तैनात एक दारोगा ने युवक को ताजिया की तैयारी देखने के बहाने बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतक की पहचान सुनील सहनी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सुनील ने करीब तीन वर्ष पहले दूसरे धर्म की युवती सानिया से प्रेम विवाह किया था. दोनों अहमदाबाद में रह रहे थे और दो दिन पहले ही गांव लौटे थे. आरोप है कि शुक्रवार सुबह आरोपी मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन कर बुलाया. वहां पहुंचने पर उस पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद आरोपी ने खुद को गोली मार ली. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली चलाने के लिए सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल हुआ या किसी अन्य हथियार का.

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पूरे गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Read more on Newsbrief