Brief By Newsbrief / 11:53 AM on 26 Jun 2026
बिहार के जहानाबाद जिले में एसटीएफ के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान उनकी सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो उन्हें ही लग गई. घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह घटना जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र स्थित चिरी मोड़ के पास हुई. मृतक की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के सोनसा गांव निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में जवान के पद पर तैनात थे.
बताया जा रहा है कि धीरज कुमार ड्यूटी के दौरान अपनी सरकारी पिस्टल कमर में लगाए हुए थे. इसी बीच अचानक पिस्टल से गोली चल गई और वह सीधे उन्हें जा लगी. गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. साथ मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि कमर में लगी सरकारी पिस्टल से अचानक गोली कैसे चल गई. क्या यह महज एक दुर्घटना थी, हथियार में तकनीकी खराबी थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.