Brief By Newsbrief / 2:22 PM on 24 Jun 2026
मोकामा : बिहार के ऐतिहासिक राजेंद्र सेतु पर बुधवार को ओवरहेड बिजली का तार टूट जाने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया. इस तकनीकी खराबी के कारण हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस कई घंटों तक पुल पर ही रुकी रही. ट्रेन के बीच पुल में खड़े रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, मौर्य एक्सप्रेस सुबह करीब 9 बजे के आसपास राजेंद्र सेतु पर पहुंची थी, तभी ओवरहेड विद्युत तार में खराबी आ गई. इसके बाद ट्रेन को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया. करीब तीन घंटे तक ट्रेन पुल पर ही खड़ी रही, जिससे यात्रियों में बेचैनी और असुविधा बढ़ गई.
घटना की सूचना मिलते ही मोकामा से रेलकर्मियों की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया. आपातकालीन व्यवस्था के तहत तकनीकी खामी को अस्थायी रूप से दूर कर ट्रेन को सुबह 11:49 बजे रवाना किया गया. इसके बाद रेलकर्मी विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करने के कार्य में जुटे रहे.
हाथीदह रेल थाना अध्यक्ष मुनेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेन को सुरक्षित तरीके से रवाना कर दिया गया है और रेल प्रशासन ओवरहेड बिजली व्यवस्था को पूर्ण रूप से बहाल करने का प्रयास कर रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना का असर केवल मौर्य एक्सप्रेस तक सीमित नहीं रहा. सोनपुर-किऊल रेलखंड पर कई अन्य ट्रेनें भी विभिन्न स्टेशनों और रास्तों में रोकनी पड़ीं, जिससे पूरे रेल मार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ. रेलवे प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा रहा.