Back

न्याय की मांग में बेटे संग टावर पर चढ़ी महिला, सुपौल में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Brief By Newsbrief / 5:09 PM on 23 Jun 2026


सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड संख्या-4 स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे की बताई जा रही है. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है. महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले उसने अमरेंद्र ठाकुर से प्रेम विवाह किया था. दोनों का एक 12 वर्षीय बेटा भी है. महिला का कहना है कि उसके पति ने बाद में दूसरी शादी कर ली और उसे छोड़ दिया. इस मामले में न्याय की मांग को लेकर वह कई बार पुलिस और प्रशासन के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

लगातार उपेक्षा से परेशान होकर महिला ने अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. टावर पर मौजूद महिला ने कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर न्याय का भरोसा नहीं देंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया. सुरक्षा के मद्देनजर टावर के आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया गया. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतारने तथा मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटा हुआ था.

Read more on Newsbrief