Brief By Newsbrief / 3:40 PM on 23 Jun 2026
फाफामऊ थाना क्षेत्र के बेला कछार में किशोरी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस जांच तेज कर दी है. इस मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. घटना 11 जून की रात की है, जब पुराना फाफामऊ निवासी वाहन चालक अन्नू गौतम की 17 वर्षीय बेटी प्रीति घर से शौच के लिए निकली थी. कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है. परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया.
प्रारंभिक सूचना में गोली लगने की बात सामने आई थी, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि किशोरी के बाएं पैर के घुटने के ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया था. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की दिशा बदलते हुए घटनास्थल और आसपास के साक्ष्य जुटाने शुरू किए. पीड़िता की मां सुमन की शिकायत पर फाफामऊ थाने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगालना शुरू किया.
23 जून की सुबह पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया. सूत्रों के अनुसार, सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही हमले के पीछे की वजह का खुलासा किया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.