Back

ब्राउन शुगर के नेटवर्क पर रांची पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच तस्कर गिरफ्तार, ड्रग्स और नकदी बरामद

Brief By Newsbrief / 12:25 PM on 23 Jun 2026


रांची: राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर, बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, एक बाइक और एक सीएनजी ऑटो बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को एसएसपी राकेश रंजन को इन क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने सूचना के आधार पर लगातार निगरानी और सत्यापन के बाद विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया।

इसी क्रम में मारवाड़ी कॉलेज के समीप छोटा तालाब के पास स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान में छापेमारी की गई। यहां पुलिस ने मो. एहतेशाम और मो. शहादत को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 1.29 ग्राम था। इसके अलावा 28,020 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Read more on Newsbrief