Brief By Newsbrief / 12:17 PM on 23 Jun 2026
केंद्र सरकार ने करोड़ों राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत देते हुए वन नेशन, वन राशन कार्ड (ONORC) योजना के तहत राशन वितरण प्रणाली को और अधिक सुविधाजनक बना दिया है. केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने घोषणा की है कि अब लाभुकों को राशन लेने के लिए किसी एक निर्धारित दुकान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
नई व्यवस्था के तहत राशन कार्डधारक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी सरकारी राशन दुकान से गेहूं, चावल या अन्य खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे. यदि किसी दुकान पर राशन उपलब्ध नहीं है या भीड़ अधिक है, तो लाभुक दूसरी दुकान से अपना राशन ले सकते हैं. कोई भी दुकानदार राशन देने से इनकार नहीं कर सकता. ऐसा होने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ शिकायत और कार्रवाई की जा सकती है.
सरकार के अनुसार यह व्यवस्था एटीएम प्रणाली की तरह काम करेगी. जिस तरह लोग देश के किसी भी हिस्से में एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं, उसी तरह राशन कार्डधारक भी देश के किसी भी राज्य, जिले या पंचायत में सरकारी राशन दुकान से अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे.
इस पहल का सबसे अधिक लाभ प्रवासी मजदूरों को मिलेगा, जो रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में रहते हैं. अब उन्हें राशन लेने के लिए अपने गृह राज्य लौटने की आवश्यकता नहीं होगी. आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए वे देश के किसी भी हिस्से में अपने हिस्से का मुफ्त या रियायती राशन आसानी से प्राप्त कर सकेंगे. इससे लाखों श्रमिक परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.