Brief By Newsbrief / 2:31 PM on 19 Jun 2026
पटना: राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने महागठबंधन के सहयोगी दलों पर खुलकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि गठबंधन के कुछ साथियों को न साथ लेना आता है और न साथ देना, जिसके कारण कई राज्यों में कांग्रेस को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया.
राजेश राम ने झारखंड में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार की हार ने गठबंधन की कमजोरियों को उजागर किया है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, केरल और असम सहित कई राज्यों में भी सहयोगी दलों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला. बिहार राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के नाम की घोषणा से पहले गठबंधन के भीतर कोई समन्वय नहीं किया गया और केवल व्हिप जारी कर दिया गया. यह गठबंधन धर्म के अनुरूप नहीं है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के कई राज्यों में गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन सफल गठबंधन के लिए सभी दलों के बीच संवाद और समन्वय जरूरी है. बिना आपसी विश्वास और सहयोग के गठबंधन मजबूत नहीं हो सकता.
भोजपुर में हुए एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश राम ने कहा कि किसी भी एनकाउंटर से पहले सरकार, गृह विभाग और पुलिस के पास पूरी जानकारी होनी चाहिए. यदि बिना पर्याप्त इनपुट के कार्रवाई हो रही है तो यह सरकार के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए और यदि ऐसा हुआ है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.