Brief By Newsbrief / 2:46 PM on 17 Jun 2026
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना उस समय हुई जब मजदूरों से भरी एक बस बेतिया से अपने गांव घोसरावा लौट रही थी. बताया जा रहा है कि बस की छत पर एक साइकिल रखी हुई थी. गांव पहुंचने से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले साइकिल 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गई.
साइकिल के तार से टकराते ही पूरी बस में करंट फैल गया और उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हादसे में रुदल मांझी और उनकी पत्नी फुलो देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 9 अन्य यात्री करंट की चपेट में आकर घायल हो गए.
घायलों ने बताया कि बस में सवार सभी लोग घोसरावा गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बीम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर के एसडीओ और डीएसपी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली. एसडीओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.