Back

मुजफ्फरपुर में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, हत्या का आरोपी अमित सिंह गोली लगने से घायल

Brief By Newsbrief / 10:07 AM on 17 Jun 2026


मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना गंगापुर भटौलिया नहर पुल के समीप नहर बांध पक्की सड़क पर हुई, जहां विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से भागने लगे।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर हमला शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान महुआ निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार अमित सिंह मुशहरी के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में आरोपी है। उसके खिलाफ हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही बेला और मुशहरी थाना पुलिस, डीएसपी सकरा तथा ग्रामीण एसएसपी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी।

ग्रामीण एसएसपी ने बताया कि वाहन जांच के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया था। पुलिस पर हमले के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Read more on Newsbrief