Brief By Newsbrief / 6:43 PM on 16 Jun 2026
बिहार सरकार ने जीविका दीदियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जुलाई 2026 से पात्र महिलाओं के खातों में दूसरी किस्त के रूप में 20 हजार रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे. इससे लाखों महिलाओं को अपने स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
सरकार ने इस योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं के खातों में भेजी थी, ताकि वे छोटे स्तर पर अपना व्यवसाय शुरू कर सकें. अब जिन महिलाओं ने उस राशि का उपयोग कर रोजगार शुरू किया और उसे आगे बढ़ाया है, उन्हें दूसरी किस्त का लाभ दिया जाएगा. जिन महिलाओं को पहली किस्त अभी तक नहीं मिली है, उन्हें पहले 10 हजार रुपये और उसके बाद दूसरी किस्त प्रदान की जाएगी.
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि राज्य की करोड़ों जीविका दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए यह योजना चलाई जा रही है. उन्होंने कहा कि सिलाई, पशुपालन, खेती, छोटी दुकान और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से महिलाएं अपने परिवार की आय बढ़ा सकती हैं.
जानकारी के अनुसार, जुलाई 2026 में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान दूसरी किस्त जारी की जा सकती है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है. योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है.