Brief By Newsbrief / 2:09 PM on 11 Jun 2026
सोशल मीडिया पर अक्सर प्रेम संबंधों को लेकर विवाद, झगड़े और परिवारों के विरोध के वीडियो सामने आते रहते हैं। ऐसे माहौल में एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर पहुंचता है, जहां लड़की के माता-पिता उसका स्वागत और खातिरदारी इतने प्यार से करते हैं कि देखने वाले भी भावुक हो जाते हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक घर में बिस्तर पर बैठा है और लड़की के पिता उसके लिए अपने हाथों से मटन-चावल परोसकर लाते हैं। वहीं, लड़की की मां भी हंसी-मजाक के अंदाज में उससे बातचीत करती नजर आती हैं। परिवार का अपनापन और सहज व्यवहार सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है।
वीडियो का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है, जब लड़की की मां युवक से पूछती हैं कि मम्मी के हाथ का खाना अच्छा है या पापा के हाथ का। इस सवाल पर युवक असमंजस में पड़ जाता है और मुस्कुराते हुए जवाब देता है कि दोनों का खाना अच्छा है। इसके बाद पूरा परिवार हंसने लगता है और माहौल और भी खुशनुमा हो जाता है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट velli_kuddi पर शेयर किया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है कि "मेरे माता-पिता मेरे बॉयफ्रेंड के साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, जो कुछ दिनों के लिए हमारे घर आया है। मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं कि मुझे इतने समझदार और खुले विचारों वाले माता-पिता मिले हैं।"
वीडियो पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "ऐसी क्यूट बॉन्डिंग कम ही देखने को मिलती है।" वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मम्मी का खाना अच्छा या पापा का, इस सवाल में तो बेचारा लड़का बुरी तरह फंस गया।" सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों का दिल जीत रहा है।