Brief By Newsbrief / 6:26 PM on 04 Jun 2026
पटना : राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है. सिपाही बहाली परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों के सफल होने के बाद आयोजित जश्न के दौरान तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरोप है कि इस दौरान कुछ कोचिंग संस्थानों द्वारा प्रतिद्वंद्वी संस्थानों के होर्डिंग और बैनर ढक दिए गए, जिससे विवाद की शुरुआत हुई.
धीरे-धीरे यह विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान खान सर के सुरक्षा गार्ड के साथ बदसलूकी और पिटाई की भी बात सामने आई. घटना के बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई.
खान सर की ओर से दावा किया गया कि मौके पर 10 से 12 राउंड फायरिंग हुई थी, हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में फायरिंग की बात से इनकार किया. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया.
वायरल वीडियो में कथित तौर पर सुरक्षा गार्ड द्वारा फायरिंग की घटना दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक स्थिति क्या थी और किसकी भूमिका कितनी थी. इस पूरे मामले ने कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और तनाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.