Back

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड पर सियासत तेज, स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर विपक्ष हमलावर

Brief By Newsbrief / 4:45 PM on 04 Jun 2026


पटना : मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए. घटना के बाद अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

हादसे के कुछ ही घंटों बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार दिल्ली रवाना हो गए. एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने उनसे मुजफ्फरपुर अग्निकांड को लेकर सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. मंत्री की इस चुप्पी को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है.

बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि राज्य में इतना बड़ा हादसा हो गया और स्वास्थ्य मंत्री दिल्ली दौरे पर निकल गए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीएजी रिपोर्ट के अनुसार बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से ही आईसीयू में है. ऐसे हादसे मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं.

वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी को संवेदनहीनता करार दिया. उन्होंने कहा कि हादसे में लोगों की जान चली गई, लेकिन मंत्री ने मीडिया के सामने संवेदना के दो शब्द तक नहीं कहे.

इस घटना के बाद अस्पतालों में सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है. विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है, जबकि हादसे की जांच जारी है.

Read more on Newsbrief