Brief By Newsbrief / 3:27 PM on 04 Jun 2026
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बीते कुछ दिनों से जारी सूरज की तपिश और भीषण गर्मी से गुरुवार को बड़ी राहत मिली है. दोपहर होते ही अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में काली घटाएं छा गईं. दोपहर करीब 2 बजे से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और सोनीपत के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. इस अचानक हुए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है.
मौसम में आया यह अचानक बदलाव एनसीआर (NCR) क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण हुआ है. गुरुवार सुबह से ही तेज धूप के कारण लोग पसीने से बेहाल थे, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादलों का डेरा जमा हो गया. नोएडा और गाजियाबाद में इतनी तेज आंधी चली कि हाई-राइज सोसायटियों की कांच वाली खिड़कियों और दरवाजों से तेज आवाजें आने लगीं. इसके बाद धूल भरी तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को सराबोर कर दिया. नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के इलाकों में भी मौसम सुहावना बना हुआ है.
हरियाणा के सोनीपत और खरखौदा क्षेत्रों में भी मौसम का ऐसा ही रूप देखने को मिला, जहां धूल भरी आंधी के बाद छिटपुट बूंदाबांदी और तेज बारिश दर्ज की गई. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ घंटों तक आंधी-पानी का यह दौर जारी रह सकता है. इस आंधी और बारिश के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी थोड़ी कम जरूर हुई और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ी, लेकिन लगातार बढ़ रहे पारे पर लगाम लगने से स्थानीय निवासियों के चेहरे खिल उठे हैं.