Brief By Newsbrief / 1:01 PM on 04 Jun 2026
मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड का मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली और राज्य मानवाधिकार आयोग, पटना तक पहुंच गया है. गुरुवार सुबह अस्पताल में लगी आग ने चार लोगों की जान ले ली, जिसके बाद इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
हादसे के समय अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. आग लगते ही मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके. स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी और अस्पताल को भी भारी नुकसान पहुंचा.
मानवाधिकार मामलों के अधिवक्ता एस.के. झा ने इस घटना को लेकर राष्ट्रीय और राज्य मानवाधिकार आयोग में याचिका दाखिल की है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि जांच किसी रिटायर्ड जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए, ताकि घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके.
उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की व्यवस्था की जाए। फिलहाल प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है.