Brief By Newsbrief / 11:43 AM on 04 Jun 2026
पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर से जुड़े विवाद में एक नया वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब 38 सेकंड के वीडियो में एक व्यक्ति हथियार लोड करने के बाद फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
हालांकि पटना पुलिस ने अब तक वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस यह जांच कर रही है कि वीडियो 2 जून की रात हुई घटना का ही है या किसी अन्य समय का. स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला शख्स खान सर का बॉडीगार्ड हो सकता है, लेकिन इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है.
गौरतलब है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया था. घटना के बाद खान सर ने फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि यह जानकारी उन्हें घायल सुरक्षा गार्ड से मिली थी और गोलीबारी की पुष्टि नहीं की जा सकती.
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में मारपीट और तोड़फोड़ के संकेत मिले थे, लेकिन फायरिंग के स्पष्ट सबूत नहीं मिले थे. इस बीच पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिख रही घटना कब और कहां की है. फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है.