Brief By Newsbrief / 5:56 PM on 01 Jun 2026
सहरसा जिले में को उस समय सनसनी फैल गई जब 19 वर्षीय युवती सुधा कुमारी का शव गांव के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला. मृतका के पिता महेंद्र सादा के अनुसार, सुधा सुबह से ही घर से लापता थी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे. काफी खोजबीन के बाद गांव के समीप उसका शव दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर नवहट्टा थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तुरंत क्षेत्र को घेरकर फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया. प्रारंभिक जांच के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर सुधा ने ऐसा कदम क्यों उठाया. मृतका सात भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर थी और उसके पिता महेंद्र सादा पंजाब में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.