Brief By Newsbrief / 3:59 PM on 01 Jun 2026
धनबाद के झरिया क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भौरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला स्थित लाल बंगला छठ घाट के समीप 20 वर्षीय दिलशाद अंसारी का शव बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान होरलाडीह नंबर-3 निवासी मोहम्मद नौशाद अंसारी के पुत्र दिलशाद अंसारी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (जेएच10 बीआर 1904) भी बरामद की है।
मृतक के चाचा ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर भेजी गई एक तस्वीर के जरिए घटना की जानकारी मिली। तस्वीर देखने के बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान दिलशाद के रूप में की। परिजनों के अनुसार दिलशाद रविवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने दोस्त अमित के साथ जा रहा है, लेकिन अगले ही दिन उसकी हत्या की खबर मिली।
परिजनों ने हत्या को सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दिलशाद को आखिरी बार किन लोगों के साथ देखा गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।