Back

मुजफ्फरपुर में कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की हत्या, आपसी रंजिश और गैंगवार एंगल पर जांच

Brief By Newsbrief / 10:21 AM on 01 Jun 2026


लमुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी. नगर थाना क्षेत्र के अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी के पास आईकॉन टावर के सामने कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार, गोविंद शर्मा आईकॉन टावर में किराए के मकान में रह रहा था. रविवार को वह टावर के सामने मौजूद था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गोविंद शर्मा का नाम पूर्व मेयर समीर कुमार और चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड समेत कई बड़े आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह अपराध जगत का कुख्यात शूटर माना जाता था और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था.

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बताया कि हत्या में 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है. घटनास्थल से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. मामले के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गैंगवार, पुरानी रंजिश तथा वर्चस्व की लड़ाई समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है.

Read more on Newsbrief