Back

बेगूसराय के UCO बैंक में चली गोली, बैंक कर्मी घायल, गार्ड हिरासत में

Brief By Newsbrief / 5:41 PM on 29 May 2026


बेगूसराय शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित UCO बैंक की मुख्य शाखा में शुक्रवार को अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक परिसर में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में बैंक का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान 31 वर्षीय अनिल दीक्षित के रूप में हुई है, जो बैंक में डेली वेजेस ऑफिस बॉय के तौर पर कार्यरत है। जानकारी के अनुसार कैश मैनेजमेंट कंपनी SIS की कैश वैन बैंक में कैश लेने पहुंची थी। इसी दौरान अनिल दीक्षित कैश बॉक्स को गाड़ी में रख रहा था। तभी कैश वैन में तैनात गार्ड वरुण सिंह की बंदूक से अचानक गोली चल गई।

गोली अनिल दीक्षित की दाहिनी जांघ में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गार्ड वरुण सिंह को हथियार समेत हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में गार्ड ने बताया कि हथियार हाथ से गिर गया था, जिससे एक्सीडेंटल फायरिंग हुई। सदर एएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Read more on Newsbrief