Back

बख्तियारपुर में शराब छापेमारी के दौरान मद्यनिषेध टीम पर पथराव, ड्राइवर-सिपाही घायल

Brief By Newsbrief / 12:09 PM on 29 May 2026


बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करनौती पंचायत के रानीसराय गांव स्थित पासवान टोला में शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची मद्यनिषेध विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया. घटना गुरुवार देर शाम की है, जब मद्यनिषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में टीम एक होटल में छापेमारी करने पहुंची थी. सूचना मिली थी कि होटल में अवैध रूप से शराब बेची जाती है और लोगों को शराब पिलाई जाती है.

छापेमारी के दौरान होटल की जांच की जा रही थी, तभी वहां मौजूद कुछ लोग टीम के अधिकारियों से बहस करने लगे. अधिकारियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन देखते ही देखते लोग उग्र हो गए और मद्यनिषेध टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए पथराव शुरू कर दिया. पथराव में विभाग के ड्राइवर कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज घायल हो गए. वहीं टीम के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ एसडीपीओ-2 आशीष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा मौके पर पहुंचे. घायल कर्मियों को तत्काल सीएचसी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया गया. मद्यनिषेध विभाग की ओर से बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है. पुलिस हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है.

Read more on Newsbrief