Back

तेज आंधी-बारिश से पटना बेहाल, कई इलाकों में गिरे पेड़

Brief By Newsbrief / 11:46 AM on 29 May 2026


बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई. कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

राजधानी के VVIP इलाकों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया. 1 सर्कुलर रोड, गर्दनीबाग, हज भवन और छज्जूबाग समेत कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. सड़क अवरुद्ध होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही पटना नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और JCB मशीनों की मदद से पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त यशपाल मीणा खुद सड़कों पर उतरे और विभिन्न इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राहत कार्य तेज करने तथा जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए.

नगर निगम की ओर से दावा किया गया है कि सभी प्रभावित इलाकों में तेजी से काम चल रहा है. जलजमाव से निपटने के लिए पंपिंग सेट सक्रिय कर दिए गए हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है.

Read more on Newsbrief