Brief By Newsbrief / 5:41 PM on 27 May 2026
पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE 4 को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि इसका नोटिफिकेशन जुलाई महीने में निश्चित रूप से जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस समय यह भी साफ हो जाएगा कि कुल कितनी वैकेंसी निकाली जाएगी। शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से TRE 4 को लेकर इंतजार बना हुआ है और मंत्री के इस बयान के बाद अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के सभी प्रखंड कार्यालयों में शिक्षा विभाग की ओर से सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने से लोगों को विभागीय कामकाज में आसानी होगी और अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सहयोग कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर यह कार्यक्रम चलाया जाता है। इसका उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है जो सचिवालय पहुंचकर अधिकारियों या मंत्रियों से मुलाकात करने में सक्षम नहीं होते। ऐसे लोगों की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
वहीं SIR को लेकर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना तय था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी वोटर बनवाने में मदद करते हैं, इसलिए SIR जैसी प्रक्रिया बेहद जरूरी है।