Back

गया में पूर्व सांसद के मकान से 50 लाख की नकली और नशीली दवाएं बरामद

Brief By NewsBytes / 12:12 PM on 25 May 2026


,: गया शहर के पीपरपाती मोहल्ले में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व सांसद के मकान में रह रहे एक किरायेदार के कमरे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य की नकली और नशीली दवाएं बरामद की हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, ड्रग विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मकान के एक कमरे से नकली और नशीली दवाओं का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं. कार्रवाई के दौरान अवैध दवा कारोबार से जुड़े विकास कुमार समेत एक महिला को हिरासत में लिया गया है. दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

अधिकारियों के अनुसार, बरामद दवाओं की जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दवाएं पूरी तरह नकली हैं या प्रतिबंधित और नशीली श्रेणी में आती हैं.

फिलहाल पुलिस और ड्रग विभाग की टीम देर रात तक मकान की तलाशी और दस्तावेजों की जांच में जुटी रही. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस अवैध दवा कारोबार का नेटवर्क गया तक सीमित है या अन्य जिलों में भी फैला हुआ है.

Read more on NewsBytes