Brief By Newsbrief / 7:11 PM on 24 May 2026
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रविवार रात रूस ने बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया. यह हाल के हफ्तों में कीव पर हुए सबसे विनाशकारी हमलों में से एक माना जा रहा है. रातभर शहर में जोरदार धमाकों, आग और धुएं का भयावह मंजर देखने को मिला. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक क्रूज मिसाइल को कीव के मध्य हिस्से में गिरते देखा गया, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ. हमले के कारण कई इलाकों में दहशत फैल गई और लोग रातभर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुटे रहे.
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने इस हमले में करीब 600 ड्रोन और 90 मिसाइलों का इस्तेमाल किया. यूक्रेन की एयर डिफेंस प्रणाली ने बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है, लेकिन कई हथियार अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे. समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, राजधानी कीव के अलावा कई अन्य क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया. कीव के लुकियानिव्स्का मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक बिजनेस सेंटर और बाजार पूरी तरह तबाह हो गए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एक छोटा कैफे जिसे रूसी हमलों के बाद छह बार दोबारा बनाया गया था, वह भी इस हमले में नष्ट हो गया.
यूक्रेन प्रशासन ने बताया कि इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. कई रिहायशी इमारतें, स्कूल, बाजार और व्यावसायिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए. राहत और बचाव दल रातभर मलबा हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटे रहे. लगातार बढ़ते हमलों के बीच यूक्रेन और रूस के बीच तनाव और गहरा गया है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी इस हमले को लेकर चिंता जताई है और नागरिक इलाकों पर हो रहे हमलों की निंदा की है.