Back

भोपाल में मॉडल त्विषा शर्मा की मौत: दोबारा पोस्टमार्टम, सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

Brief By Newsbrief / 5:53 PM on 24 May 2026


नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है. हाईकोर्ट के निर्देश पर रविवार को भोपाल एम्स में कड़ी सुरक्षा के बीच त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया. दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक जांच प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद टीम वापस दिल्ली लौट गई. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर कई अहम पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पोस्टमार्टम के बाद त्विषा का शव परिजनों को सौंप दिया गया. लाल जोड़े में सजी अर्थी को देखकर घाट पर मौजूद लोग भावुक हो उठे. शाम करीब सवा पांच बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां भाई ने मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार में परिवार, पूर्व सैनिकों और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मियों की मौजूदगी रही. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया था.

इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींच लिया है. सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 25 मई को विशेष सुनवाई तय की है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी. कोर्ट ने इसे “ससुराल में युवती की अप्राकृतिक मौत और कथित प्रक्रियात्मक अनियमितताओं” से जुड़ा मामला बताया है. गौरतलब है कि दिसंबर में विवाह के बाद भोपाल आई त्विषा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित घर में फंदे पर लटकी मिली थीं. परिजनों की शिकायत पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है.

Read more on Newsbrief