Brief By Newsbrief / 12:35 PM on 23 May 2026
पटना. आईपीएल में अब बिहार की अपनी टीम उतर सकती है. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मेदांता ग्रुप के मालिक अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर सवाल उठाया कि क्या बिहार की टीम आईपीएल में नहीं होनी चाहिए.
इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की टीम आईपीएल में जरूर होनी चाहिए. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि अगर अनिल अग्रवाल इस पहल को आगे बढ़ाते हैं और बिहार के लिए आईपीएल टीम बनाते हैं तो पूरी बिहार सरकार उनके पीछे मजबूती से खड़ी रहेगी.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेल के संसाधनों को बढ़ावा दे रही है. नए स्टेडियम बन रहे हैं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं. बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं है. आईपीएल में टीम बनने से राज्य के युवाओं को बड़ा मंच मिलेगा.
खेल मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी. अनिल अग्रवाल के ट्वीट के बाद बिहार के खेल प्रेमियों में उत्साह है. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि बिहार की टीम आईपीएल में कब तक शामिल होती है.