Back

तनाव में युवक ने गंगा में लगाई छलांग, SDRF तलाश में जुटी

Brief By Newsbrief / 1:32 PM on 21 May 2026


भागलपुर के बरारी गंगा घाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने नाव से गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कर दी गई. समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सुबह करीब 10 बजे बरारी घाट पहुंचा था. वह लगातार एक नाव से दूसरी नाव पर जा रहा था और उसका व्यवहार काफी संदिग्ध लग रहा था. नाव पर मौजूद यात्रियों ने मजाक में उससे पूछा कि “क्या मरना है?” इस पर युवक ने जवाब दिया, “हां, मरना है.” इसके कुछ ही देर बाद नाव जैसे ही गंगा के बीच पहुंची, युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी और गहरे पानी में डूब गया.

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंकित कुमार पासवान ने बताया कि युवक को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया. पुलिस ने मामले में नाविक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और संबंधित नाव को जब्त कर लिया गया है.

गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 का स्लैब टूटने के बाद भागलपुर और सीमांचल के बीच नाव ही लोगों के आवागमन का मुख्य साधन बनी हुई है. फिलहाल SDRF की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है.

Read more on Newsbrief