Brief By Newsbrief / 11:45 AM on 21 May 2026
सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र स्थित चरने गांव में 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 4 निवासी स्वर्गीय सीयाराम सरदार की पुत्री बंदना कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर उत्क्रमित मध्य विद्यालय चरने महादलित की पहली मंजिल पर खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात बंदना परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर में संचालित परचून दुकान में अपनी भतीजी के साथ सोने गई थी। देर रात बच्ची के रोने पर भाभी वहां पहुंचीं तो बंदना गायब मिली। फोन करने पर उसने बाथरूम जाने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। इसी दौरान विद्यालय की दिशा से चीखने की आवाज सुनाई दी। परिजन खोजबीन करते हुए स्कूल पहुंचे, जहां पहली मंजिल पर बंदना का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला था और गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। सूचना मिलते ही राजेश्वरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ विभाष कुमार और एसपी शरथ आर.एस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिवार ने दुष्कर्म और प्रेम प्रसंग की आशंका से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।