Back

किशनगंज में देर रात एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी पवन कुमार के पैर में लगी गोली

Brief By Newsbrief / 10:49 AM on 21 May 2026


किशनगंज जिले में बुधवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया. फरीम गोड़ा के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कटिहार निवासी अपराधी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान पवन कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में इंस्पेक्टर मुस्ताक और सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार घायल हो गए. दोनों पुलिस अधिकारियों का इलाज किशनगंज सदर अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जिले में प्रवेश कर बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसके बाद पुलिस ने फरीम गोड़ा इलाके में वाहन जांच और घेराबंदी शुरू की. इसी दौरान संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पवन कुमार घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. एसपी ने बताया कि पवन कुमार के खिलाफ किशनगंज समेत कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. हाल ही में उसकी तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.

घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी विशाल राज भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. FSL टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है.

Read more on Newsbrief