Brief By Newsbrief / 6:19 PM on 19 May 2026
झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में महुअरी गांव के पास स्थित रेलवे अंडरपास संख्या 39 ई ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. सोननगर-गढ़वा रेलखंड पर जपला और कजरात नावाडीह स्टेशन के बीच बने इस अंडरपास में मामूली बारिश के बाद ही 3 से 4 फीट तक पानी भर जाता है. जलजमाव के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है. स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर मंडल रेल प्रबंधक यानी डीआरएम, डी.डी.यू मंडल, पूर्व मध्य रेलवे को ज्ञापन सौंपा है. उनका कहना है कि रेलवे प्रशासन हर बार पंप लगाकर अस्थायी रूप से पानी निकाल देता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति दोबारा पैदा हो जाती है. ज्ञापन में बताया गया कि पानी भरने से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. लंबे समय तक पानी जमा रहने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है.
ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि अंडरपास में उच्च क्षमता वाले ऑटोमैटिक पंप लगाए जाएं, ड्रेनेज पाइपलाइन को चौड़ा किया जाए और एप्रोच रोड की ढलान में सुधार किया जाए. साथ ही जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक पुराने रेलवे फाटक को दोबारा चालू करने की मांग भी की गई है. ग्रामीणों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और पलामू सांसद को भी भेजी है. लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.