Back

भागलपुर में बच्चे से चेन झपटकर भागा बदमाश. मां ने दिखाई हिम्मत

Brief By Newsbrief / 4:45 PM on 19 May 2026


भागलपुर. भागलपुर के लोहिया पुल पर दिनदहाड़े एक झपटमार को चोरी करना भारी पड़ गया. एक बदमाश ने मासूम बच्चे के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और मौके से भागने लगा. महिला ने बिना डरे आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया. उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी एकजुट हो गए और भाग रहे झपटमार को घेरने की कोशिश की. भीड़ की सक्रियता के चलते आरोपी ज्यादा दूर तक नहीं भाग सका और लोगों ने उसे पकड़ लिया.

 

गुस्साई भीड़ ने आरोपी की मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर अपने हिरासत में ले लिया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को थाने भेज दिया.

 

पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान बंटी कुमार के रूप में बताई है, जो मारूफचक इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए इस तरह की झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता था.

 

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है. पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.

Read more on Newsbrief