Back

दो महीने बाद मिली भगवान राम-जानकी की मूर्तियां, खुशी से झूम उठे ग्रामीण

Brief By Newsbrief / 12:32 PM on 19 May 2026


बिहार के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के छाता गांव स्थित कल्लू ठाकुरबाड़ी मंदिर से करीब दो माह पहले चोरी हुई अष्टधातु की भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की मूर्तियां सोमवार सुबह शाहाबाद-लखनौर सीमा पर सड़क किनारे बरामद हुईं. जैसे ही मूर्तियों के मिलने की खबर गांव पहुंची, लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और श्रद्धा के साथ मूर्तियों को एक पेड़ के पास चबूतरे पर रख दिया. वहां तुरंत पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए. डीजे पर भक्ति गीत बजने लगे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.

बताया जाता है कि 16 मार्च की रात बदमाशों ने मंदिर का किवाड़ हटाकर अष्टधातु की तीनों प्राचीन मूर्तियां चोरी कर ली थीं. करीब 200 साल पुरानी इन मूर्तियों की कीमत सात से आठ करोड़ रुपये बताई जाती है. वर्ष 1935 में इन मूर्तियों की मंदिर में स्थापना हुई थी और सभी मूर्तियों पर चांदी के मुकुट भी थे. चोरी के बाद गांव में गहरा दुख और आक्रोश था. ग्रामीण रोज मंदिर पहुंचकर भगवान की वापसी की प्रार्थना कर रहे थे. आखिरकार सोमवार को मूर्तियों की बरामदगी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया.

मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि विधि-विधान के साथ एक तय तिथि पर मूर्तियों की पुनः प्रतिस्थापना की जाएगी. पुलिस के अनुसार चोरी के बाद लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी की जा रही थी. बढ़ते दबाव और गिरफ्तारी के डर से चोर मूर्तियों को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार कुछ लोग मूर्तियां रखकर भाग निकले. थानाध्यक्ष विवेक भारती ने कहा कि मूर्तियां फिलहाल मंदिर कमेटी को सौंप दी गई हैं और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

Read more on Newsbrief