Brief By Newsbrief / 1:37 PM on 18 May 2026
सीतामढ़ी. महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण को लेकर आयोजित बैठक में पहुंचे पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन ने बिहार की राजनीति पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्थिति और जदयू की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.
आनंद मोहन ने कहा कि जिस व्यक्ति ने जनता दल यू को बनाने से लेकर इस मुकाम तक पहुंचाने में संघर्ष किया, उसी नीतीश कुमार को आज जिंदा दफन कर दिया गया है. उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा. कहा कि 85 विधायकों के साथ बैठने वाले नेता की शपथ ग्रहण समारोह में एक तस्वीर तक नहीं लगाई गई.
जदयू नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग नीतीश कुमार के साथ घूमते हैं और भोजन कराने ले जाते हैं, वे सवाल क्यों नहीं करते कि पोस्टर और बैनर से नीतीश कुमार को क्यों गायब कर दिया गया. उन्होंने कहा कि काम शेर करता है और अंजाम बुजदिल करता है.
बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि जदयू अब थैली की पार्टी हो गई है. नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति धड़ल्ले से की जा रही है. आनंद मोहन के इस बयान के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. खासकर इसलिए क्योंकि उनकी पत्नी लवली आनंद जदयू से सांसद हैं और बेटा चेतन आनंद विधायक हैं.