Brief By Newsbrief / 10:42 AM on 18 May 2026
सीवान. बिहार के सीवान जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. जीरादेई के जामापुर बाजार में कुछ दिन पहले हुई करीब 30 लाख रुपये की ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में घायल कर दिया. आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के बेटे अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि अंकित 6 मई को जामापुर स्थित एक सोना दुकान में हुई लूट की घटना में शामिल था. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मैरवा थाना क्षेत्र के बड़का मांझा इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की.
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लग गई. गोली आरपार हो गई और वह मौके पर ही घायल हो गया.
घायल अवस्था में पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट बढ़ा दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.