Back

बिहार में नोट डबल करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 11:56 AM on 16 May 2026


बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गैंग लोगों को “जादुई केमिकल” से नोट दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 95 लाख रुपये से अधिक नकदी, नोट गिनने की मशीन, केमिकल और काले रंग के कागज के बंडल बरामद किए हैं. पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिंहासिनी गांव का है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ संदिग्ध लोग बड़े स्तर पर ठगी की साजिश रच रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सिधवलिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. इसके बाद बैकुंठपुर, सिधवलिया और मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से देर रात छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार लोगों में पश्चिम बंगाल, चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज के आरोपी शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले काले कागज और रसायनों की मदद से नकली डेमो दिखाकर लोगों को भरोसे में लेता था. इसके बाद नोट दोगुना करने के नाम पर बड़ी रकम ऐंठकर फरार हो जाता था. पुलिस के मुताबिक बरामद सभी नोट असली हैं और गिरोह के तार कई जिलों व दूसरे राज्यों से जुड़े हो सकते हैं. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बिहार पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने लोग इस ठगी गिरोह का शिकार बन चुके हैं.

Read more on Newsbrief