Brief By Newsbrief / 6:15 PM on 14 May 2026
केंद्र सरकार ने खरीफ मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए 14 प्रमुख फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया. सरकार का कहना है कि MSP बढ़ाने का मकसद किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम देना और खरीफ फसलों की बुवाई को बढ़ावा देना है.
नई दरों के मुताबिक कॉमन धान का MSP 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-A धान का MSP 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. ज्वार (हाइब्रिड) का MSP 4023 रुपये और ज्वार (मालदांडी) का MSP 4073 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा. बाजरा का MSP 2900 रुपये, रागी का 5205 रुपये और मक्का का MSP 2410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है.
दलहन फसलों में अरहर का MSP 8450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है. वहीं मूंग का MSP 8780 रुपये और उड़द का MSP 8200 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा. सरकार का फोकस दालों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने पर है.
तिलहन फसलों में मूंगफली का MSP 7517 रुपये, सूरजमुखी बीज का 8343 रुपये और सोयाबीन (येलो) का MSP 5708 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. तिल का MSP 10346 रुपये और नाइजर सीड का MSP 10052 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा. इसके अलावा कपास (मीडियम स्टेपल) का MSP 8267 रुपये और कपास (लॉन्ग स्टेपल) का MSP 8667 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है.
सरकार का दावा है कि MSP में बढ़ोतरी से किसानों की आय बढ़ेगी और दलहन व तिलहन की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा.