Brief By Newsbrief / 1:16 PM on 14 May 2026
किशनगंज में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बिहार सरकार के उस फैसले का कड़ा विरोध किया है, जिसमें सरकारी कार्यक्रमों और स्कूल-कॉलेजों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदेमातरम’ का गायन अनिवार्य किया गया है. पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी कानून या आदेश को लागू करने से पहले सुप्रीम कोर्ट और अन्य अदालतों के फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए.
अख्तरुल ईमान ने दावा किया कि मद्रास हाई कोर्ट समेत कई अदालतें पहले भी इस तरह के मामलों पर टिप्पणी कर चुकी हैं. उन्होंने कहा कि वंदेमातरम का गायन उनकी धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ है क्योंकि इस्लाम में केवल एक ईश्वर की इबादत की जाती है और मूर्ति पूजा की अनुमति नहीं है. उन्होंने इसे सेकुलरिज्म और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस फैसले के खिलाफ सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी.
उन्होंने कहा कि पहले मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रालय को ज्ञापन देकर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी. साथ ही सरकार से इस फैसले पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है.
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील पर भी निशाना साधा. ईमान ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है और आम लोगों पर बोझ बढ़ा है.