Back

देवघर पहुंचे पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता, बाबा बैद्यनाथ से मांगी बिहार की खुशहाली

Brief By Newsbrief / 11:24 AM on 14 May 2026


बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता सपरिवार बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया. मंत्री ने पहले संकल्प लिया, इसके बाद गर्भगृह में जाकर बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया.

पूजा के बाद मंत्री ने कहा कि उन्होंने बाबा भोलेनाथ से बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और पर्यटन क्षेत्र में राज्य को नई पहचान मिलने की कामना की है. उन्होंने कहा कि बिहार में धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने बताया कि राज्य के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है.

मंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की तर्ज पर सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में माता सीता के भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है. उन्होंने इसे बिहार के धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.

आगामी श्रावणी मेले को लेकर मंत्री ने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर तक आने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पहले से अधिक बेहतर व्यवस्थाएं और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है और दोनों राज्य मिलकर इसे और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं.

Read more on Newsbrief