Brief By Newsbrief / 11:48 AM on 13 May 2026
जमशेदपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले के काहनूवान थाना क्षेत्र स्थित नैनेकोट गांव में पैतृक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां अमरजीत सिंह अंबे ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने बड़े भाई अजायब सिंह और भाभी कमल कौर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
मृतक दंपति का जमशेदपुर से गहरा नाता है। अजायब सिंह और कमल कौर कभी सिदगोड़ा के 10 नंबर बस्ती में रहते थे। परिवार के कई सदस्य अब भी जमशेदपुर में हैं। कमल कौर का मायका भी सिदगोड़ा में ही है। अजायब सिंह काफी पहले पत्नी के साथ गांव लौट गए थे, जबकि अमरजीत करीब डेढ़ साल पहले गांव आया था।
जानकारी के अनुसार, तीन भाइयों के बीच गांव की 9 एकड़ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात अजायब सिंह पत्नी के साथ टहल रहे थे। कमल कौर घर लौट गईं। इसी दौरान अमरजीत पहुंचा और जमीन को लेकर बहस शुरू हो गई। गुस्से में उसने भाई को गोली मार दी। फिर घर जाकर भाभी कमल कौर पर भी कई गोलियां दाग दीं। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटनास्थल की जांच की। इधर, घटना की सूचना पर सिदगोड़ा स्थित परिवार के घर में मातम पसर गया। रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुट गई।