Brief By Newsbrief / 6:36 PM on 12 May 2026
हरियाणा के तारा नगर निवासी राजन के साथ साइबर ठगी की बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें साइबर ठगों ने बैंक केवाईसी अपडेट का डर दिखाकर उन्हें जाल में फंसा लिया. पीड़ित के मोबाइल पर आठ मई को एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि उनके बैंक खाते की केवाईसी समाप्त हो गई है और तुरंत अपडेट करना जरूरी है. इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया, जिसे बैंक की ओर से भेजा गया बताया गया.
लिंक पर भरोसा कर जैसे ही राजन ने उस पर क्लिक किया और अपनी जानकारी भरी, उसी समय साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल और बैंक डिटेल्स को एक्सेस कर लिया. कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 4,40,046 रुपये कट गए. पैसे कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला. जब उन्होंने जांच की तो सामने आया कि यह एक फर्जी लिंक था, जिसके जरिए उनका मोबाइल हैक किया गया और पूरा ट्रांजेक्शन साइबर ठगों ने अंजाम दिया.
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है. किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें. ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि खाते को समय रहते फ्रीज कर पैसे की रिकवरी की जा सके.