Back

मोतिहारी: परीक्षा देकर लौटते छात्र की कॉलेज परिसर में चाकू से हत्या, साथी फरार

Brief By Newsbrief / 5:44 PM on 11 May 2026


 

मोतिहारी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोटवा थाना क्षेत्र स्थित एकेआरआर महाविद्यालय परिसर में परीक्षा देकर बाहर निकल रहे छात्र की उसके ही साथी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है।

मृतक छात्र की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई है, जो बीए थर्ड पार्ट का छात्र था। बताया जा रहा है कि रितेश सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर भी था और परीक्षा देने के लिए कॉलेज आया हुआ था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला, उसी समय उसके गांव के ही रहने वाले आरोपी सरोज यादव ने उस पर हमला कर दिया और चाकू से कई वार किए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच हुई, जिससे वहां भगदड़ मच गई और छात्र-छात्राएं भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल रितेश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी सरोज यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना के पीछे सोशल मीडिया से जुड़ा विवाद बता रही है, हालांकि अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Read more on Newsbrief