Back

भागलपुर गोलीकांड: मृतक सभापति राज कुमार गुड्डू के घर पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह

Brief By Newsbrief / 10:46 AM on 11 May 2026


भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुई सनसनीखेज गोलीबारी में जान गंवाने वाले नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के आवास पर बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह देर शाम पहुंचीं। उन्होंने स्वर्गीय राज कुमार गुड्डू के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

मंत्री श्रेयसी सिंह ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले में स्पीडी ट्रायल कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके।

उन्होंने कहा, “आज मृतक नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की है। इस तरह की घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। सरकार पूरी गंभीरता से मामले की मॉनिटरिंग कर रही है।”

इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

गौरतलब है कि सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े अपराधियों ने फायरिंग की थी, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि नगर सभापति राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। रविवार को सुल्तानगंज गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Read more on Newsbrief