Back

TRE-4 को लेकर बिहार में बवाल. सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थी,लाठीचार्ज से भड़का गुस्सा

Brief By Newsbrief / 2:25 PM on 10 May 2026


बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा है. लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हजारों छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों की सिर्फ एक मांग है कि जल्द से जल्द TRE-4 का विज्ञापन जारी किया जाए. लेकिन लगातार हो रही देरी ने लाखों युवाओं की नाराजगी को आंदोलन में बदल दिया है. राजधानी पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया. छात्रों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्रों को चोटें आईं. पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन और तेज हो गया. जानकारी के मुताबिक चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि करीब 5000 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस की इस कार्रवाई से छात्रों में भारी आक्रोश है. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से शिक्षक भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार और आयोग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. छात्रों का आरोप है कि बार-बार सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है. अभ्यर्थियों ने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार TRE-4 की परीक्षा 24 अगस्त 2024 को प्रस्तावित थी और रिजल्ट 24 सितंबर 2024 तक जारी होना था. लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक भर्ती का विज्ञापन तक जारी नहीं किया गया है. अब छात्र संगठनों ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होगा, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर बढ़ता यह विरोध अब सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है

Read more on Newsbrief