Brief By Newsbrief / 5:21 PM on 09 May 2026
सम्राट मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद बिहार सरकार में विभागों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल हुआ है। इसी क्रम में बीजेपी नेता नंदकिशोर राम को डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्री नंदकिशोर राम ने विभाग की प्राथमिकताओं और अपनी योजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि पशुधन गांवों से जुड़ा विषय है और बिहार गांवों का राज्य माना जाता है। देश की आत्मा गांवों में बसती है और उनकी कोशिश होगी कि विभाग की योजनाएं गांव, गरीब और किसानों तक सीधे पहुंचे। मंत्री ने कहा कि पशुधन और डेयरी क्षेत्र को मजबूत कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
नंदकिशोर राम ने कंपोस्ट आधारित खेती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले गोबर से बने कंपोस्ट से खेती होती थी, जिससे भारत स्वस्थ और सुरक्षित था। अब उन पारंपरिक व्यवस्थाओं को फिर से मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार का विकास कृषि और पशुधन से ही संभव है और विभाग को आम जनता से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
हालांकि, यह विभाग किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़ा हुआ है। लंबे समय से किसानों के हित में बड़े बदलाव नहीं दिखे हैं। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंत्री नंदकिशोर राम अपनी जिम्मेदारियों पर कितना खरा उतरते हैं और किसानों की उम्मीदों को कितना पूरा कर पाते हैं।