Back

कोल्हान विश्वविद्यालय में अप्रेंटिसशिप भर्ती, 129 पदों पर आवेदन शुरू

Brief By Newsbrief / 3:35 PM on 08 May 2026


कोल्हान विश्वविद्यालय ने पहली बार स्नातक युवाओं के लिए ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग की शुरुआत की है. ‘नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम’ (NATS) के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्नातकों को व्यावहारिक कार्य अनुभव देकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है. इस योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को 12,000 रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जाएगा. विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार कुल 129 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिन्हें विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है. इनमें सामान्य वर्ग के लिए 58 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि शेष पद आरक्षित वर्गों के लिए रखे गए हैं. यह अवसर 2021 से 2025 के बीच झारखंड के मान्यता प्राप्त संस्थानों से स्नातक करने वाले युवाओं के लिए है.चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी. आवेदन प्रक्रिया 4 मई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 19 मई तक आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को पहले NATS 2.0 Student Registration Portal पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, इसके बाद राज्य सरकार के आधिकारिक अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर आवेदन करना होगा. प्रशिक्षण अवधि एक वर्ष की होगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय और उसके संबद्ध कॉलेजों में विभिन्न विभागों में काम करने का अवसर मिलेगा. इनमें प्रशासनिक अनुभाग, लेखा विभाग, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं. सीटों का वितरण भी जारी किया गया है, जिसमें कोल्हान विश्वविद्यालय मुख्यालय चाईबासा, को-ऑपरेटिव कॉलेज, वर्कर्स कॉलेज, टाटा कॉलेज चाईबासा और ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर विमेन में 10-10 सीटें रखी गई हैं. एबीएम कॉलेज जमशेदपुर और घाटशिला कॉलेज में 9-9 पद हैं. एलबीएसएम कॉलेज और महिला कॉलेज चाईबासा में 7-7 सीटें निर्धारित की गई हैं. इसके अलावा बहरागोड़ा कॉलेज और काशी साहू कॉलेज सरायकेला में 6-6 पद, जबकि कई अन्य कॉलेजों में 4 से 5 सीटें तय की गई हैं. यह योजना युवाओं के लिए रोजगार और अनुभव दोनों का बड़ा अवसर मानी जा रही है.

Read more on Newsbrief