Brief By Newsbrief / 12:57 PM on 08 May 2026
बेगूसराय से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है, जहां चर्चित उड़ान इंटरनेशनल स्कूल में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला स्थित NH-31 किनारे बने स्कूल परिसर की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।
आग लगते ही स्कूल परिसर में मौजूद बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। धुएं और आग की लपटों को देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की इस घटना में स्कूल भवन के अंदर रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं सिंघौल थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।