Brief By Newsbrief / 6:59 PM on 07 May 2026
श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों की हर साल मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसी पहल के तहत बिहार के बिहटा स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विशेष ‘वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम’ की शुरुआत की गई।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से किया, जबकि देशभर के 12 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। बिहार में आयोजित कार्यक्रम में श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद मुख्य अतिथि रहे, वहीं श्रमायुक्त राजेश भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत अब कंपनियों और संस्थानों के लिए अपने 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच के लिए सवेतन अवकाश भी दिया जाएगा।
श्रम सचिव दीपक आनंद ने कहा कि सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और नई श्रम संहिताओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। श्रमायुक्त ने श्रमिकों को मिलने वाले अधिकारों और ईएसआईसी योजनाओं की जानकारी दी, जिसमें बीमारी के दौरान वेतन, दुर्घटना पेंशन, मातृत्व लाभ और आश्रितों को सहायता शामिल है।
इस योजना से न केवल बीमारियों की समय पर पहचान संभव होगी, बल्कि श्रमिक परिवारों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी बड़ी राहत भी मिलेगी।